उत्तर प्रदेश विधानसभा का सत्र कल से

लखनउ-  उत्तर प्रदेश विधानसभा का सत्र कल राज्यपाल राम नाईक के संबोधन के साथ शुरू हो जाएगा। सत्र में हंगामे के आसार हैं क्योंकि विपक्षी दलों ने कानून व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाने का फैसला किया है।

विपक्ष के हंगामे की आशंका को देखते हुए सरकार ने जवाबी कार्रवाई के मकसद से संबद्ध दस्तावेज जुटाये हैं। 403 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की 325 सीटें हैं।

विपक्ष के किसी हमले का जवाब देने के लिए पार्टी की रणनीति तय करने के उद्देश्य से भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। सरकार की दो महीने की उपलब्धियों से सत्र के दौरान सदस्यों को अवगत कराया जाएगा।

विपक्षी बसपा और सपा ने भी सरकार की घेराबंदी विशेषकर कानून व्यवस्था के मोर्चे पर सरकार को घेरने की रणनीति तय करने के लिए अपने अपने विधायकों की बैठक की।

बुलंदशहर, सहारनपुर, गोण्डा और संभल में हाल के जातीय एवं सांप्रदायिक तनाव का मुद्दा उठने की उम्मीद है। पूर्व की सपा सरकार के शासन को ‘गुंडाराज’ कहने वाली भाजपा कानून व्यवस्था को दुरूस्त करने के वायदे के साथ सरकार में आयी है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘हमें गुंडा पार्टी बताया जाता है। योगी जी की सरकार में क्या हो रहा है ? क्या वह कार्रवाई करेंगे ?’’ उन्होंने कहा कि हमारी संख्या कम हुई है लेकिन मनोबल उंचा है। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सपा सरकार को घेरेगी। अखिलेश ने दावा किया कि अपराध के मामले बढ़े हैं। भगवा गमछा पहने लोग अपराध कर रहे हैं और पुलिस पर भी हमला कर रहे हैं।

बसपा के विधानसभा में नेता लालजी वर्मा ने कहा कि पार्टी के विधायक कानून व्यवस्था के मुद्दे और दलितों पर अत्याचार की बात उठाएंगे।

राज्यपाल विधानमंडल के दोनों सदनों की बैठक को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करेंगे।

read more- Bhasha

Be the first to comment

Leave a Reply