
किसान आंदोलन की आग में झुलस रहे मध्य प्रदेश के शाजापुर में ताजा हिंसा की खबर है। एबीपी न्यूज के मुताबिक वहां भी किसानों ने हंगामा और आगजनी की है। इसके अलावा राजधानी भोपाल के फंदा टोल नाके पर भी किसानों के हंगामा करने की खबर है। किसानों ने वहां जमकर पत्थरबाजी की है। इसके बाद पुलिस उन्हें कदेड़ने में कामयाब रही है। भोपाल के पास सिहोर में भी पुलिस ने किसानों पर हवाई फायरिंग की है। इस बीच मंदसौर हिंसा में घायल एक और किसान की मौत हो गई है। पुलिस पिटाई में वो गंभीर रुप से घायल हो गया था और उसका इलाज चल रहा था। एमपी के रायसेन में एक किसान श्रीकृष्ण मीणा ने भी जहर खाकर खुदकुशी कर ली है। वो 12 लाख रुपये के कर्ज से परेशान थे। इनकी दो छोटी बेटी और एक बेटा है। इसके अलावा एक और किसान ने इंदौर हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। खबर सुनकर उसकी पत्नी ने भी आत्महत्या की कोशिश की।
इधर, मंदसौर में आज (शुक्रवार को) प्रशासन ने कर्फ्यू में सुबह 10 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक ढील दी है। इसके बाद बाजारों में लोगों का आना-जाना शुरू हो गया है। लोग अपनी जरूरत का सामान खरीद रहे हैं। इसके साथ ही वहां जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौटता हुआ दिख रहा है। शहर में पेट्रोल पंप, सब्जी, फल और राशन की दुकानों पर लोग इकट्ठा होते दिखे। हालांकि, प्रशासन ने किसी भी तरह की सभा पर रोक लगा रखी है। इससे पहले प्रशासन ने गुरुवार को भी शाम में दो घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील दी थी। फिलहाल हालात को देखते हुए पुलिस दल भी शहर में गश्त कर रहा है।
read more- jansatta
Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.