दिल्ली में भीषण गर्मी से राहत के संकेत; 9 जून तक बारिश के आसार

दिल्ली वाले बीते कुछ दिनों से भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। लगातार दूसरे दिन दिल्ली में दिन और रात के तापमान सामान्य से काफी अधिक रिकॉर्ड किए गए। बढ़ते तापमान के साथ आर्द्रता ने इस गर्मी में आग में घी की तरह काम किया जिससे रविवार और सोमवार को लोगों का बुरा हाल हो गया।

हालांकि इस मौसम में आज से बदलाव आएगा और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। दिल्ली में बीते 2 दिनों की भीषण गर्मी का अंदाज़ा तापमान के आंकड़ों से लगा सकते हैं। रविवार को पालम में 47 डिग्री तक पहुँच गया पारा सोमवार को कुछ गिरा और 45.8 डिग्री दर्ज किया गया लेकिन उमस बढ़ने से गर्मी की अनुभूति कम नहीं हुई। सफदरजंग में दूसरे दिन सोमवार को तापमान 44.6 डिग्री रहा जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है।

इस परिदृश्य में मंगलवार की सुबह से बदलाव दिखाई देना शुरू हो गया है। सुबह के समय हवाएँ चलीं हालांकि दोपहर में गर्मी का प्रभाव बीते दिनों जितना ही रहा। इस बीच मौसम विशेषज्ञों का अंकलन है कि आज शाम या रात में धूलभरी आँधी चलने और एक-दो स्थानों पर बादलों की गरज के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। स्काइमेट के प्रमुख मौसम वैज्ञानिक महेश पालावत के अनुसार इस समय हवाओं का रुख बदल चुका है। अरब सागर की ओर से आने वाली हवाएँ अपेक्षाकृत आर्द्र हैं जो तापमान को नीचे लाने में अहम भूमिका निभाएँगी।

उत्तर में जम्मू कश्मीर के पास आ रहे एक पश्चिमी विक्षोभ और इसके प्रभाव से मध्य पाकिस्तान पर विकसित हुए चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के चलते दिल्ली में मौसम में बदलाव आ रहा है। एक ट्रफ रेखा भी उत्तर भारत से पूर्वी भारत तक बनी हुई है। इन मौसमी सिस्टमों के चलते दिल्ली सहित अन्य मैदानी राज्यों में यह बदलाव दिखाई दे रहा है और अगले 2-3 दिनों तक इन भागों में बारिश हो सकती है।

यह सिस्टम धीरे-धीरे और प्रभावी होंगे जिससे बुधवार को बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। अनुमान है कि यह मौसमी सिस्टम अगले 2-3 दिनों तक सक्रिय रहेंगे जिससे 8 और 9 जून को भी दिल्ली में बारिश दर्ज की जाएगी। मंगलवार की सुबह से ही मौसम में बदलाव आया है और संभावित बारिश के चलते राष्ट्रीय राजधानी में पारा कम हो गया है। इसमें और कमी आएगी जिससे लू का प्रभाव समाप्त हो जाएगा।

read more- skymetweather

Be the first to comment

Leave a Reply