शिक्षा में हार्डवर्क नहीं शार्पवर्क, स्मार्टवर्क की जरूरत है: बांके बिहारी

सुलतानपुर(बब्लू मिश्रा) भारतीय शिक्षा समिति काशी प्रदेश के नव नियुक्त प्रदेश  निरीक्षक बांके बिहारी पाण्डेय ने आज यहाॅं कहा कि वर्तमान परिवेश  में ‘‘हार्ड वर्क’’ से काम नहीं चलेगा, आवश्कता ‘‘शार्प वर्क’’ की है। आगे स्मार्टवर्क की भी आवशयकता होगी। आचार्य, प्रधानाचार्य विद्यार्थी बनकर ही विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान कर सकेंगे।
सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ  माध्यमिक विद्यालय, विवेकानन्दनगर में सुलतानपुर व अमेठी जिले के प्रधानाचार्यों के साथ एक परिचयात्मक बैठक हुई जिसमें हाल ही में सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कालेज, झारखण्ड कादीपुर के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय को भारतीय शिक्षा समिति काशी प्रदेश  के निरीक्षक पद का दायित्व प्रदान किया गया। इनके पहले इस पद पर चिंतामणि सिंह थे। अब वह सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
इस परिचयात्मक बैठक में श्री पाण्डेय ने सुलतानपुर व अमेठी जिले के प्रधानाचार्यों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सभी अपने में अधुनातन ज्ञान को लायें और विद्यार्थियों को प्रदान करें। नित्य नूतन, चिर पुरातन ज्ञान अपेक्षित है। विद्यार्थियों को अच्छे ज्ञान प्रदान करने के लिए
प्रधानाचार्य और आचार्य को विद्यार्थी बनना होगा। तभी हम उनकी समस्याओं को दूर कर सकेंगे। हमारी संयुक्त शक्ति शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा परिवर्तन करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि जब आप पर लोग पत्थर फेंके तो अपनी ऊँचाई बढ़ायें ताकि पत्थर आप तक न पहुंचे। नकारात्मक विचार पूर्णतया नष्ट नहीं होंगे। उन्हें घटाने के लिए सकारात्मकता को बढ़ाना है। नई शिक्षा नीति पर चर्चा चल रहीं है। अगले सत्र तक यह क्रियान्वित हो सकती है। हमें आदर्श विद्यालय खड़ा करने की जरूरत है।
श्री पाण्डेय ने बताया कि प्रदेश के प्रधानाचार्यों की अगली बैठक 28, 29, 30 अप्रैल को धम्मौर में होगी। इसमें प्रधानाचार्यों को वार्षिक कार्य  योजना के साथ आना है। इसी तरह 23 से 30 मई 2017 तक ‘‘प्रधानाचार्य व्यक्तित्व विकास वर्ग’’ इलाहाबाद स्थित ज्वालादेवी सरस्वती विद्या मन्दिर, प्रयाग में होगा। इस बैठक को बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राम अकबाल पाण्डेय व मंत्री रूपेश कुमार सिंह ने भी सम्बोधित किया। प्रधानाचार्यो एवं बाल कल्याण समिति सुलतानपुर की ओर से नव निर्वाचित प्रदेश निरीक्षक का शाल भेंट कर स्वागत भी किया गया।

Be the first to comment

Leave a Reply