समाजवादी अब सिर्फ खादी ही पहनेंगे – अखिलेश यादव

लखनऊ. समाजवादी पार्टी में बदलाव की बयार चल रही है। पहले काम बोलता है स्लोगन बदला गया और अब ड्रेस कोड सहित कई चीजों में बदलाव किया गया है। समाजवादी पार्टी में अब सभी सदस्य खादी और हैंडलूम के ही कपड़े पहनेंगे। युवा संगठन के कार्यकर्ताओं को सफेद शर्ट-पैंट पहनने के लिए कहा गया है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने खुद ही ये ड्रेस कोड तय किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को इसे अपनाने की हिदायत दी है।
2014 के आम चुनाव और 2017 के विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद सपा अब नया कलेवर अपनाने में जुट गई है। खास बात यह है कि बदलाव की बयार पार्टी अपने संविधान में संशोधन के साथ ला रही है। पार्टी ने युवा नेताओं के लिए ड्रेस कोड भी लागू कर दिया है। इसके अलावा जिस सपा को नेता मुलायम सिंह यादव ने बनाया था उनकी फोटो तक अब होर्डिंग से गायब होने लगी है।
अब पांच साल तक होगी सदस्यता
यूपी विधानसभा में करारी हार के बाद सपा मंथन में जुटी है। समाजवादी पार्टी जनता के बीच जाकर संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने की कवायद में जुट गई है। संगठन की मजबूती के लिए सदस्यता अभियान शुरू कर दिया गया है। यह अभियान इस बार पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया गया है।
दो महीने तक चलने वाले इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। खास बात यह है कि पार्टी में पहले तीन साल की सदस्यता होती थी, लेकिन, अब पार्टी के संविधान में संशोधन कर इसे पांच साल के लिए कर दिया गया है। इसके पीछे तर्क ये है कि पार्टी इन्हीं सदस्यों के सहारे 2019 और 2022 के चुनाव लडऩा चाहती है। इस काम में वो बार-बार समय बर्बाद नहीं करना चाहती।
ड्रेस कोड बदला
पार्टी ने सभी सदस्यों को खादी और हैंडलूम के ही कपड़े पहनने की हिदायत दी गई है। युवा संगठन के कार्यकर्ताओं को सफेद शर्ट-पैंट पहनने के लिए कहा गया है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने खुद ही ये ड्रेस कोड का तय करते हुए कार्यकर्ताओं को इसे अपनाने की हिदायत दी है।
वैसे समाजवादी पार्टी में बदलाव तो विधानसभा चुनाव से पहले से ही चल रहे हैं। अब इसे और धार देने की कोशिश की जा रही है। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को भी पार्टी ने अपनी होर्डिंग से हटा दिया है। इसकी एक नजीर शनिवार के सदस्यता अभियान के शुभारंभ पर दिखी। यहां पर लगी होर्डिंग में प्रखर समाजवादी राम मनोहर लाहिया, जनेश्वर मिश्र की फोटो थी पर मुलायम सिंह की नहीं। कार्यक्रम में भी वह शामिल नहीं हुए। इससे पूर्व मुलायम के समर्थकों को पार्टी में किनारे कर दिया गया था।
बदलाव को लेकर सपा प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बयान दिया कि परिवर्तन तो कुदरत का नियम है। कहा कि पार्टी के संविधान में संशोधन कर सदस्यता को पांच साल के लिए कर दिया गया है। यही सदस्य सक्रिय सदस्य का चयन करेंगे। उन्होंने कहा कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव हमारे आदर्श हैं, उनका अपमान कहीं नहीं किया जा रहा है। रही बात खादी पहनने की तो वह शालीनता का परिचायक है।

 

Be the first to comment

Leave a Reply