झाझड़िया और सरदार को मिलेगा खेल रत्न, पुजारा बनेंगे अर्जुन

नई दिल्ली। दो बार के पैरालम्पिक स्वर्ण पदक विजेता राजस्थान के देवेंद्र झाझड़िया और पूर्व हाॅकी कप्तान सरदार सिंह के नाम की अनुशंसा राजीव गांधी खेलरत्न के लिए की गई है। इसके साथ ही देवेंद्र झाझड़िया देश का सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेलरत्न के लिए चुने जाने वाले पहले पैरालम्पियन बन गए।

पैरालम्पिक में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय झाझड़िया जस्टिस सीके ठक्कर रिटायर्ड की अध्यक्षता वाली चयन समिति की पहली पसंद थे ।

समिति ने दूसरे विकल्प के रूप में सरदार को चुना है और यह सुझाव दिया है कि दोनों को संयुक्त रूप से भी पुरस्कार दिया जा सकता है।

अंतिम फैसला खेल मंत्रालय लेगा। चयन समिति ने अर्जुन पुरस्कार के लिए  भी 17 खिलाड़ियों के नाम भेजे हैं। इनमें क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा, महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर, पैरालम्पिक पदक विजेता एम थंगावेलू, वरूण भाटी, गोल्फर एसएसपी चैरसिया और हाॅकी स्टार एसवी सुनील शामिल हैं।

रियो पैरालिंपिक में विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाले देवेंद्र झाझड़िया जेवलिन थ्रो की एफ46 स्पर्धा में भाग लेते हैं। उन्होंने एथेंस में भी इसी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। देवेंद्र झाझड़िया राजस्थान के चूरू जिले से ताल्लुक रखते हैं।

 

Read More- samacharjagat