देश के 13वें उपराष्ट्रपति की ताजपोशी आज, राष्ट्रपति कोविंद दिलाएंगे नायडू को शपथ

नई दिल्ली: भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू आज देश के 13वें उपराष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे और राज्यसभा के सभापति के रूप में भी पदभार संभालेंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज उन्हें पद और गोपनियता की शपथ दिलाएंगे। नायडू करीब 11 बजे संसद पहुंचेंगे और औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा भाजपा के कई बड़े मंत्री भी मौजूद रहेंगे। राज्यसभा में धन्यवाद अभिभाषण के बाद नायडू उपराष्ट्रपति के रूप में अपना पहला भाषण देंगे।

इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह राज्यसभा के सदस्य पद की शपथ लेंगे। शाह गुजरात से चुनाव जीतकर राज्यसभा पहुंचे हैं। बता दें कि उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की ओर से वेंकैया नायडू, तो विपक्ष से पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल एवं महात्मा गांधी के पौत्र गोपालकृष्ण गांधी मैदान में थे। चुनाव में कुल 771 वोट पड़े थे जिसमें नायडू को 516 वोट, तो गोपालकृष्ण गांधी के खाते में 244 वोट गए थे।

नायडू का आज का कार्यक्रम
-नायडू सबसे पहले अपने आवास 30 APJ अब्दुल कलाम रोड से राजघाट जाएंगे और वहां श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

 

-इसके बाद DDU पार्क जाएंगे और वहां दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि देंगे।

-वह पटेल चौक पहुंचकर सरदार वल्लभभाई पटेल की स्टैच्यू पर भी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

-करीब सुबह 09:43 बजे राष्ट्रपति भवन पहुंचेगे और पद की शपथ लेंगे।

-करीब सुबह 10:34 बजे राज्यसभा पहुंचेगे।

वैंकैया के बारे में बड़ी बातें

-नायडू आंध्र प्रदेश से उपराष्ट्रपति बनने वाले तीसरे शख्स होंगे, वैंकैया से पहले डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और वीवी गिरी भी देश के उपराष्ट्रपति रह चुके हैं।

-नायडू जुलाई 2002 से अक्टूबर 2004 तक पार्टी के अध्यक्ष रह चुके हैं।

-2004 लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद वैंकैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

-नायडू अटल सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री रह चुके हैं। वहीं मोदी सरकार में वैंकैया, तीन अहम मंत्रालय, शहरी विकास मंत्रालय, संसदीय कार्य मंत्रालय और सूचना और प्रसारण मंत्रालय का भी पदभार संभाल चुके हैं।

-नायडू तीन बार कर्नाटक से तो एक बार राजस्थान से राज्यसभा के लिए चुने जा चुके हैं।

-नायडू ने शहरी विकास मंत्री रहते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरु कीं जैसे- स्मार्ट सिटी, अटल मिशन, स्वच्छ भारत अभियान और सभी के लिए आवास इनमें प्रमुख हैं।

-‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ की शुरुआत में वेंकैया नायडू की अहम भूमिका थी।

-नायडू ने अपने राजनैतिक करियर की शुरुआत साल 1973 में एक स्टूडेंट लीडर के तौर पर की थी। हालांकि बाद में वैंकैया जनसंघ से जुड़ गए। वैंकैया आंध्रप्रदेश विधानसभा में भी दो बार चुने जा चुके हैं।

 

Read More- PK