धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है मानसून, अगले हफ्ते अच्छी बारिश होने की उम्मीद

नई दिल्ली। दक्षिणी-पश्चिमी मानसून धीरे-धीरे महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि अगला हफ्ता बारिश के लिहाज से काफी बेहतर साबित हो सकता है। सोमवार को ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को मामूली गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा, जो मौसम के औसत से दो डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। भारत मौसम विभाग के महानिदेशक केजे रमेश ने कहा कि मानसून ‘सक्रिय चरण’ में है और यह उत्तर कर्नाटक के बीजापुर जिले के अलावा महाराष्ट्र के मुंबई, महाबलेश्वर और कोंकण क्षेत्र के कई हिस्सों तक पहुंच गया है।

बंगाल की खाड़ी में कम दबाव क्षेत्र भी बना है और यह मानसून को पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में ले जाएगा। पश्चिमी भारत और पूर्वी भारत में मानसून की दृष्टि से आने वाले सप्ताह बहुत अच्छे होंगे। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं के चलने की आशंका जाहिर की गई है। इसके साथ ही मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने के लिए कहा गया है। रमेश ने कहा कि इसके अलावा बालासोर, जाजपुर, भद्रक, मयूरभंज के जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही अंगुल, ढेंकनाल, केंझार, खुर्दा, कटक, जगतसिंहपुर, केन्द्रपारा, पुरी, गजपति, नयागढ़ और गंजम में अगले 24 घंटों में भारी बारिश हो सकती है। पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। दोनों राज्यों की राजधानी चंड़ीगढ़ में अधिकतापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा। राजस्थान में ज्यादातर जगहों पर हल्की बारिश होने के कारण पारा 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। पिछले 24 घंटों में श्रीगंगानगर और भद्रा में दो सेमी, बीकानेर, पद्मपुर, संगरीया, पीलीबांगा, तारनगर आदि जगहों पर एक सेमी बारिश दर्ज की गई।

उत्तर-पूर्वी क्षेत्र को छोड़कर बिहार के ज्यादातर हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा, जहां कुछ स्थानों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा कि शिमला और आस-पास के क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण हिमाचल में न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट देखी गई। पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि इस क्षेत्र के कई स्थानों पर तेज तूफान और आंधी आई। केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ स्थानों पर बारिश हुई। इसके अलावा तमिलनाडु और रायलसीमा में कई जगहों पर बारिश हुई।

read more- IMNB

Be the first to comment

Leave a Reply