पर्यटन मंत्रालय विश्व पर्यटन दिवस समारोह में ‘निधि 2.0’ और ‘भारत में पर्यटन- एक नजर में, 2021’ लॉन्च करेगा

नयी दिल्ली , 26 सितम्बर 2021,विश्व पर्यटन दिवस 27 सितंबर को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1980 में संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन के द्वारा हुई इस तिथि के चुनाव का मुख्य कारण यह था कि वर्ष 1970 में UNWTO की कानून को स्वीकारा गया था। इस मूर्ति को स्वीकारना वैश्विक पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास हेतु मील के पत्थर के रूप में देखा जाता है एवं इस दिवस को मनाने का उद्देश्य विश्व में इस बात को प्रसारित तथा जागरूकता फैलाने के लिए हैं कि किस प्रकार पर्यटन वैश्विक रूप से, सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक तथा आर्थिक मूल्यों को बढ़ाने में तथा आपसी समझ बढ़ाने में सहायता कर सकता है।

पर्यटन मंत्रालय ‘विश्व पर्यटन दिवस 2021’ मनाने के लिए 27 सितंबर   2021 को नई दिल्ली में एक कार्यक्रम आयोजित कर रहा है जिसे यूएनडब्ल्यूटीओ ने एक ऐसा विशेष दिवस बताया है जिस दिन ‘समावेशी विकास के लिए पर्यटन’ पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला इस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।

केंद्रीय पर्यटन, संस्कृति एवं डोनर मंत्री जी. किशन रेड्डी, पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट और पर्यटन राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। पर्यटन सचिव अरविंद सिंह और मंत्रालय के अन्य अधिकारीगण, राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, यात्रा उद्योग और मीडिया के महत्वपूर्ण गणमान्यजन भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। भारत फि‍लहाल अनलॉक के चरण में है और घरेलू पर्यटन ने धीरे-धीरे एवं सतत रूप से फि‍र से तेज गति पकड़ना शुरू कर दिया है। कोविड-19 महामारी का दुनिया भर में व्यापक सामाजिक-आर्थिक प्रभाव पड़ा है और घरेलू पर्यटन के धीरे-धीरे तेज रफ्तार पकड़ने से समाज के अनगिनत क्षेत्रों में बेहतरी और विकास सुनिश्चित करने में काफी मदद मिलेगी। पर्यटन में सभी विभिन्न समूहों, जातीयता, धर्म और कृषि, कला एवं शिल्प जैसे क्षेत्रों के लिए अवसर सृजित करके समावेशी विकास में योगदान करने की अपार क्षमता है, और इससे जुड़ी कई सेवाएं हैं जो आर्थिक विकास में योगदान देती हैं और इसके साथ ही यह क्षेत्र आर्थिक विकास से लाभान्वित होता है।

दुनिया भर में हर साल 27 सितंबर को मनाए जाने वाले विश्व पर्यटन दिवस (डब्ल्यूटीडी) का उद्देश्य पर्यटन के विशेष महत्व और इसके सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक एवं आर्थिक मूल्य के बारे में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के बीच जागरूकता बढ़ाना है।कल आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान ‘निधि 2.0 (आतिथ्य उद्योग का राष्ट्रीय एकीकृत डेटाबेस)’ और ‘भारत में पर्यटन के आंकड़े – एक नजर में, 2021’ को लॉन्च किया जाएगा। पर्यटन मंत्रालय, संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) और द रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म सोसायटी ऑफ इंडिया (आरटीएसओआई) के बीच एक सहमति पत्र (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे जिसका उद्देश्‍य एक दूसरे के पर्यटन क्षेत्र में ‘स्थायित्‍व पहलों’ को सक्रिय रूप से बढ़ावा देना और इनमें आवश्‍यक सहयोग देना है।.

@ फोर्थ इंडिया न्यूज़ टीम