पहाड़ों पर हिमपात के कारण पूरा उत्तर भारत एक बार फिर शीतलहर की चपेट में

नई दिल्ली, एजेंसी। पहाड़ों पर लगातार हो रहे हिमपात के कारण दिल्ली और आसपास के राज्यों समेत पूरा उत्तर भारत एक बार फिर शीतलहर की चपेट में है। इस वजह से मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ जिलों में तापमान शून्य या शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक दिल्ली शीतलहर की चपेट में रहेगी।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को सुबह में कोहरा होगा और शीतलहर के कारण अधिकतम तापमान 18 डिग्री व न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 31 दिसंबर और एक जनवरी को हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन दोनों दिन सुबह के समय घना कोहरा होगा। 31 दिसंबर को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। वहीं, तीन और चार जनवरी को हल्की बारिश भी हो सकती है।