फतेहपुर ब्रेकिंग- प्रेमी युगल ने एक साथ फांसी लगा दी जान

0 हुसेनगंज के अचाकापुर गांव में हुई घटना
0प्रमिका की आज आनी थी बारात, परिजनों में मचा कोहराम

फतेहपुर :(नवीन )   हुसेनगंज थाना के अचाकापुर गांव में बीती रात प्रेमी युगल ने जंगल में खड़े एक नीम के पेड़ में फांसी लगा कर जान दे दी। ग्रामीणों ने शनिवार सुबह दोनों के शव फांसी के फंदे में झूलते देखे तो हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अचाकापुर गांव निवासी रामबाबू लोधी की पुत्री नीलम (18) का पड़ोसी महेंद्र (20) पुत्र श्यामबाबू लोधी से विगत दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की के घर वालों को इसकी भनक लगी तो उन्होने छतरपुर मध्य प्रदेश में नीलम का रिश्ता तय कर दिया। रिश्ता तय होने के बाद भी दोनों एक-दूसरे से मिलते रहे। शनिवार को नीलम की शादी थी। जिंदा रहते एक-दूसरे से मिलने की उम्मीद छोड़ चुके प्रेमी युगल ने जान देने का फैसला कर लिया। बताते हैं बीती रात्रि प्रेमी युगल घरों से अचानक लापता हो गए। परिजनों ने काफी खोजबीन की, कोई सुराग नहीं लगा। सुबह नित्य क्रिया को जंगल जा रहे ग्रामीणों ने देखा कि गांव के बाहर खड़े एक नीम के पेड़ में प्रेमी युगल के शव फांसी के फंदे में झूल रहे हैं। ग्रामीणों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर घटना की जांच कर रही है।