भारत का 20 अप्रैल 2017 का मौसमी पूर्वानुमान

देश भर में बने मौसमी सिस्टम

उत्तर प्रदेश के उत्तरी भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती क्षेत्र दक्षिणी पाकिस्तान और सटे दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर दिखाई दे रहा है। कर्नाटक के उत्तरी तटीय हिस्सों पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से एक ट्रफ रेखा लक्षद्वीप तक पहुँच रही है।

पूर्वी बिहार और झारखंड पर हवाओं में बने चक्रवाती सिस्टम से एक ट्रफ तटीय ओड़ीशा, तटीय आंध्र प्रदेश और आंतरिक तमिलनाडु होते हुए कोमोरिन क्षेत्र तक पहुँच रही है। इसी सिस्टम से एक ट्रफ रेखा अरुणाचल प्रदेश तक बनी हुई है।एक नया पश्चिमी विक्षोभ आज उत्तर भारत के हिमालयी राज्यों को प्रभावित कर सकता है। यह सिस्टम इस समय उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे हिस्सों पर बना हुआ है।

देश के विभिन्न भागों में दर्ज की गई मौसमी गतिविधियां

बीते 24 घंटे के दौरान जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी राजस्थान और पंजाब में भीषण लू का प्रकोप जारी रहा।

इसके अलावा देश के अन्य कई हिस्से भी लू की चपेट में रहे। हरियाणा, दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश, दक्षिणी गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर लू का प्रकोप बना रहा।

दिन का तापमान महाराष्ट्र के चन्द्रपुर में सबसे अधिक रहा। यहाँ मौसम केंद्र ने 46.4 डिग्री सेल्सियस पारा रिकॉर्ड किया।

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों, गंगीय पश्चिम बंगाल तथा पूर्वी बिहार में कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा दर्ज की गई। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई।

टांगला में 41 मिलीमीटर बारिश हुई। बहरामपुर में 33 मिलीमीटर और पुर्णिया में 21 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

दक्षिणी राज्यों कर्नाटक, केरल और आंतरिक तमिलनाडु में एक-दो स्थानों पर बारिश दर्ज की गई।

आगामी 24 घंटों का मौसमी पूर्वानुमान

अगले 24 घंटों के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में अधिकांश स्थानों पर गरज और तेज़ हवाओं के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। शेष पूर्वोत्तर राज्यों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर गरज और तेज़ हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

बिहार, उत्तर प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों, झारखंड और तटीय ओड़ीशा में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। केरल, आंतरिक तमिलनाडु और कर्नाटक में गरज के साथ बारिश दर्ज की जा सकती है।

जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी कर्नाटक और गुजरात में अधिकांश स्थानों पर अगले 24 घंटों तक लू का प्रकोप जारी रहने के आसार हैं।

read more- skymet

Be the first to comment

Leave a Reply