मिशन 2019: क्रांति दिवस पर भाजपा के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी सपा

आज क्रांति दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी मिशन 2019 का आगाज करने जा रही है। आज सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अयोध्या से भाजपा के खिलाफ देश बचाओ देश बनाओ रैली का बिगुल फूकेंगे।

इस रैली में अखिलेश यादव योगी सरकार के काम काज पर सवाल उठाएंगे।यही नहीं, केंद्र सरकार के काम काज का भी सच बताएंगे। दरअसल, पिछले लोकसभा चुनाव में सपा का प्रदर्शन बहुत खराब रहा। इसलिए सपा मिशन 2019 में भाजपा का सुपड़ा साफ करने की जुगत में लग गई है।

ये है योजना

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों तक अपनी बात पहुंचाएंगे। यूपी के विकास का नारा देकर एक नया रास्ता तलाशेंगे। जनता को बताएंगे  कि तीन साल में मोदी सरकार ने क्या काम किया है। रोजगार खत्म हो गया है, महंगाई बढ़ गई है और किसानों की जान जा रही है।

हर मंडल मुख्यालय पर भी आंदोलन

बुधवार को ही हर मंडल मुख्यालय पर भी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे। इस दौरान सभी मंडल मुख्यालयों पर पार्टी के विधायकों-सांसदों, एमएलसी को इस आंदोलन की अगुवाई करने के लिए कहा गया है।

पूर्व मंत्री पवन पांडेय बताते हैं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का कार्यक्रम अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में राजबली स्मारक पब्लिक इंटर कालेज, मड़ना पूरा बाजार रखा गया है। वह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पूर्व विधायक राजबली यादव की प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे।

 

Read More- Hindustan