मोदी की कैबिनेट से हो सकती है कलराज की छुट्टी, टंडन के साथ बनाये जा सकते हैं राज्यपाल

लखनऊ : केंद्र की मोदी सरकार कैबिनेट विस्‍तार के साथ ही खाली पड़े छह राज्‍यों तथा एक केंद्र शासित प्रदेश में राज्‍यपाल की तैनाती करने का मन बना चुकी है। लंबे समय से इन राज्यों में खाली पड़े राजयपाल के पदों को बीजेपी के बुजुर्ग नेताओं से भरने की तैयारी है। बताया जाता है कि सात राज्यों में से दो राज्यों का कोटा यूपी के पुराने नेताओं के लिए रिजर्व रखा गया है। जिसके चलते अन्‍य प्रदेशों से भी पार्टी के वरिष्‍ठ नेताओं का बुढ़ापा राजभवन में कटेगा।

सूत्रों के मुताबिक केंद्र की मोदी सरकार ने सातों राज्‍यपाल के नाम की सूची तैयार कर ली गयी है, बस इसकी घोषणा होनी बाकी है। इनमें उत्तर प्रदेश के कोटे से पुराने नेता लालजी टंडन के साथ कलराज मिश्र को भी राजभवन भेजने की तैयारी है। कलराज मिश्र फिलहाल कैबिनेट मंत्री हैं, उम्र के चलते उनकी विस्‍तार में छुट्टी किए जाने की योजना है।

दिल्‍ली से विजय कुमार मल्‍होत्रा का भी नाम शामिल 

यूपी के इन दो नेताओं के अलावा दिल्‍ली से विजय कुमार मल्‍होत्रा, मध्‍य प्रदेश से कैलाश जोशी, बिहार से सीपी ठाकुर, गुजरात से आनंदीबेन पटेल का नाम शामिल है। बिहार में सहयोगी पार्टी हम के नेता जीतन राम मांझी को भी राज्‍यपाल बनाए जाने की खबर है। भविष्‍य की राजनीतिक संभावनाओं को समाप्‍त मानते हुए जीतन राम खुद राज्‍यपाल बनने के इच्‍छुक हैं। फिलहाल बिहार, मध्‍य प्रदेश, तमिलनाडू, तेलंगाना, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश के साथ दादर नगर हवेली के एलजी का पद खाली है। इन सभी राज्‍यों को दूसरे प्रदेश के गर्वनर अतिरिक्‍त जिम्‍मेदारी के रूप में संभाल रहे हैं। केंद्र पर जल्‍द राज्‍यपाल नियुक्‍त करने का दबाव है। रामनाथ कोविंद के प्रेसीडेंट बन जाने के बाद बिहार में राज्‍यपाल का पद खाली है, जिसे पश्चिम बंगाल के गर्वनर केसरीनाथ त्रिपाठी संभाल रहे हैं।

गुजरात के पास मध्य प्रदेश का भी चार्ज इसी प्रकार गुजरात के राज्यपाल ओमप्रकाश कोहली के पास मध्य प्रदेश का अतिरिक्त दायित्व है। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल इएसएल नरसिम्हन के पास तेलंगाना के राज्यपाल का अतिरिक्त जिम्‍मेदारी है। महाराष्ट्र के राज्यपाल सी विद्यासागर राव के पास तमिलनाडु का अतिरिक्त प्रभार है। असम के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित मेघालय का अतरिक्‍त चार्ज संभाल रहे हैं।

नागालैंड के राज्यपाल के पास अरुणाचल कि भी जिम्मेदारी 

नागालैंड के राज्यपाल पद्मनाभा आचार्य के पास अरुणाचल प्रदेश की भी जिम्‍मेदारी है। इसके अलावा दमनदीव के लेफ्टिनेंट गवर्नर प्रफुल्ल खोदा पटेल के पास दादर व नगर हवेली के लेफ्टिनेंट गवर्नर का अतिरिक्त जिम्‍मेदारी है। इसे भी भरा जाना है। भाजपा ने आधा दर्जन राज्‍यों के साथ केंद्र शासित प्रदेश में अपने नेताओं को बैठाने की तैयारी पूरी कर ली है।

 

Read More- Indiasamvad