शादी का पुराना वादा निभाना चाहता है डॉन अबु सलेम, कोर्ट से मांगी इजाजत

माफिया सरगना और 1993 के मुंबई बम धमाकों के दोषी अबु सलेम ने विशेष टाडा अदालत में शादी करने के लिए जमानत मांगी है। अबु सलेम ने हाई कोर्ट के दो आदेशों का हवाला देते हुए कहा कि उसे शादी के लिए जमानत दी जानी चाहिए। हाई कोर्ट के इन आदेश के अनुसार किसी कैदी को शादी के लिए जमानत दी जा सकती है। 16 जून को टाडा की विशेष अदालत ने अबु सलेम समेत छह लोगों को मुंबई बम धमाकों का दोषी करार दिया था। अदालत ने इन दोषियों को दी जाने वाली सजा नहीं सुनाई है। मुंबई बम धमाके में 257 लोग मारे गए थे और 713 लोग घायल हुए थे। इससे पहले मीडिया में खबर आई थी कि उत्तर प्रदेश की एक अदालत में हाजिर होने के लिए जाते वक्त सलेम ने एक लड़की के संग ट्रेन में निकाह कर लिया था। सलेम अब अपनी शादी के पंजीकरण के लिए जमानत मांग रहा है। मुंबई बम धमाकों का मुख्य आरोपी और सलेम का पुराना साथी दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान में है।

11 नवंबर 2005 को पुर्तगाल से भारत लाया गया सलेम बिल्डर प्रदीप जैन की हत्या के लिए आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। पुर्तगाल ने इस शर्त के साथ सलेम को भारत को सौंपा था कि उसे फांसी की सजा नहीं दी जाएगी। सलेम की कथित शादी साल 2014 में हुई थी। जिस लड़की को सलेम की बीवी बताया गया उसने भी कोर्ट में याचिका दी थी कि मीडिया ने खबर छापकर उसे “बदनाम” कर दिया है इसलिए उसे सलेम से शादी की इजाजत दी जाए। सलेम ने पहली बार दिसंबर 2015 में अदालत से शादी की इजाजत मांगी थी जो उसे नहीं मिली थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ठाणे के मुंब्रा की रहने वाली है।

अबु सलेम के प्रेम प्रसंग हमेशा चर्चा में रहे हैं। अभिनेत्री मोनिका बेदी के संग चला उसका प्रेम मीडिया में हमेशा चर्चा का विषय रहा। सितंबर 2002 में पुर्तगाल के लिस्बन में सलेम के साथ मोनिका बेदी भी गिरफ्तार हुई थी। मोनिका भी इस समय जेल में सजा काट रही है। सलीम की पहली शादी भी लव मैरिज थी। 1991 में मुंबई के डीएन नगर पुलिस थाने में तब नाबालिग समीरा जुमानी की मां ने एफआईआर कराई थी कि अबु सलेम ने उनकी बेटी का अपहरण कर लिया है। बाद में यही समीरा सलेम की पहली बीवी बनी।

 

read more- jansatta