शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास कानपुर प्रान्त की बैठक संपन्न

 

-देश को बदलना है तो शिक्षा को बदलो: संजय स्वामी

कानपुर महानगर। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास कानपुर प्रान्त के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की आवश्यक बैठक का आयोजन दर्शन पुरवा फजलगंज में किया गया। शुभांजली अवार्ड की डायरेक्टर/वरिष्ठ समाजसेविका एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के चरित्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास कानपुर प्रान्त की संयोजक डॉ0 बनदेव कुमारी सिंह (बिंदु) के आवास पर आयोजित हुई इस बैठक की अध्यक्षता दिल्ली से पधारे न्यास के उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय संयोजक संजय स्वामी जी द्वारा की गई। न्यास के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ न्यास की गतिविधियों से संबंधित भिन्न-भिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

02 जुलाई वर्ष 2004 से शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर कई विशिष्ट कार्य कर रहा है।
चरित्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास, वैदिक गणित, शिक्षक शिक्षा, मूल्य शिक्षा, प्रबंधन व तकनीकी शिक्षा, मातृभाषा में शिक्षा, शिक्षा में स्वायत्तता, प्रतियोगी परीक्षायें, भारतीय भाषा मंच, भारतीय भाषा अभियान, शिक्षा स्वास्थ्य न्यास आदि विषयों पर कार्य कर रहे शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के कुछ उद्देश्य भी हैं। जैसे देश को बदलना है तो शिक्षा को बदलो, समस्या नहीं समाधान की चर्चा करें, प्राथमिक शिक्षा का माध्यम मातृभाषा करना, पाठ्यक्रमों में भारतीय ज्ञान परंपरा का समावेश हो, शिक्षा का केंद्रीय उद्देश्य चरित्र निर्माण हो, शिक्षा मूल्य आधारित हो आदि। संपन्न हुई आज की बैठक में पिछले अप्रैल माह में आयोजित हुये तीन दिवसीय कार्यक्रम ज्ञानोत्सव की चर्चा हुई। ज्ञानोत्सव कार्यक्रम का आयोजन न्यास के राष्ट्रीय सचिव अतुल भाई कोठारी द्वारा आयोजित किया गया था। संघ प्रमुख मोहन भागवत की अध्यक्षता में हुये इस ज्ञानोत्सव कार्यक्रम में न्यास के गतिविधियों और कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी। बतौर मुख्य अतिथि कानपुर पधारे संजय स्वामी ने कानपुर प्रान्त के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच हुई बैठक में उसी विषय और ज्ञानोत्सव कार्यक्रम की चर्चा की।


बैठक में मुख्य अतिथि संजय स्वामी ने कहा कि प्रत्येक प्रदेश में अपनी अपनी मातृभाषा में शिक्षा दी जाये। उन्होंने कहा कि अगर देश को बदलना है तो शिक्षा को बदलना होगा। कानपुर प्रान्त की चरित्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास की संयोजक डॉ0 बिंदु सिंह ने न्यास के उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संयोजक संजय स्वामी और कार्यकर्ताओं के सामने अपने आगामी कार्यक्रमों की चर्चा की। साथ ही कहा कि अपनी ऊर्जा को न्यास की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने में लगायेंगे। जिसके तहत आगामी 02 जुलाई से 09 जुलाई तक प्रांतीय पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क करके एक अभियान चलाया जायेगा जिसमें शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाया जायेगा और न्यास के उद्देश्यों को हर संभव पूरा करने का प्रयास किया जायेगा।

आयोजित इस बैठक में प्रमुख रूप से न्यास के उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संयोजक संजय स्वामी, कार्यक्रम संयोजिका/चरित्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास कानपुर प्रान्त की संयोजक डॉ0 बिंदु सिंह, शुभांगी सिंह (ज्योति) वैदिक गणित के प्रदेश संयोजक सुजीत सिंह, शिक्षक शिक्षा के प्रांतीय संयोजक प्रो0 प्रबल प्रताप सिंह, भारतीय भाषा अभियान के प्रांतीय संयोजक प्रशांत शुक्ला, पर्यावरण के प्रभारी अनुराग सिंह, धर्मेंद्र अवस्थी, कुसुम सिंह, रश्मि श्रीवास्तव,चित्रा डिग्री कॉलेज के प्रबंधक सुरेश कुमार सचान, ऑल इंडिया रेडियो उदघोषिका रंजना यादव, रेखा श्रीवास्तव, एस0एस0 भदौरिया, युवराज सिंह चौहान, बिट्टो, काजल, कमला सिंह सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।