सम्पूर्ण भारत का 19 जून 2017 का मौसम पूर्वानुमान

देश भर में बने मौसमी सिस्टम

मॉनसून की उत्तरी सीमा यानि एनएलएम इस समय वलसाड, नासिक, बुलढाणा, यवतमाल, कांकेर, झारसुगुडा और भागलपुर तक पहुँच गई है।

उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर के पूर्वी हिस्सों पर एक पश्चिमी विक्षोभ दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र इस समय मध्य पाकिस्तान और इससे सटे पंजाब के ऊपर बना हुआ है।

इसके अलावा एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी बिहार और इससे सटे उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल पर बना हुआ है। इस चक्रवाती सिस्टम से एक ट्रक रेखा बंगाल की खाड़ी के उत्तर तक विकसित हो गई है।

बांग्लादेश और इससे सटे असम पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पश्चिमी तटों पर बनी ट्रफ रेखा इस समय दक्षिणी महाराष्ट्र से केरल तक सक्रिय है।

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और तराई क्षेत्रों तथा पूर्वी बिहार में कुछ स्थानों पर मध्यम और कहीं-कहीं अच्छी वर्षा हो सकती है। पश्चिमी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश और बिहार के शेष भागों में हल्की वर्षा होने के आसार हैं।

देश के विभिन्न भागों में दर्ज की गई मौसमी गतिविधियां

बीते 24 घंटों के दौरान मॉनसून, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में कई जगहों पर व्यापक रुप में सक्रिय रहा और जमकर बारिश हुई।

पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कुछ स्थानों पर अच्छी मॉनसून वर्षा रिकॉर्ड की गई है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, पश्चिमी हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

पश्चिमी तटीय भागों, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में गरज के साथ मॉनसूनी बौछारें देखने को मिलीं। पश्चिमी तटों पर कोंकण और गोवा में कहीं-कहीं भारी मॉनसून वर्षा हुई है।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, झारखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के बाकी हिस्सों और गुजरात में हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिली हैं।

आगामी 24 घंटों का मौसमी पूर्वानुमान

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में संभावित बदलाव की बात करें तो हिमालय से सटे पश्चिम बंगाल के क्षेत्रों के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मध्यम से भारी मॉनसून वर्षा होने की संभावना है।

पश्चिमी तटीय भागों और दक्षिण भारत के लगभग सभी राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने के आसार दिखाई दे रहे हैं।

इस बीच उत्तर भारत में पश्चिमी हिमालयी भागों के पास एक नया पश्चिम विक्षोभ जल्द पहुंचने वाला है, इसके प्रभाव से उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों और मैदानी राज्यों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं धूलभरी आंधी चलने की भी संभावना है।

read more- skymetweather

Be the first to comment

Leave a Reply