सरकार का रिकॉर्ड 27 करोड़ टन खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य

कृषि मंत्रालय ने कृषि की 4 प्रतिशत विकास दर के साथ अगले फसल वर्ष में देश में 27.3 करोड़ टन खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान लगाया है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए मॉनसून के पूर्वानुमान को देखते हुए सरकार ने जुलाई से शुरू होने वाले 2017-18 फसल वर्ष के लिए यह अनुमान जारी किया है। फसल वर्ष 2016-17 के लिए भी 27.19 करोड़ टन रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान लगाया गया था।

वर्तमान में जारी फसल वर्ष के लिए तय किए गए लक्ष्य तक हम पहुँच पाये हैं या नहीं इसके लिए आंकड़े अभी उपलब्ध नहीं हैं। इस बीच आपको बता दें कि भारतीय मौसम विभाग ने इस बार 96 प्रतिशत यानि औसत के आसपास मॉनसून के प्रदर्शन की संभावना जताई है। इसी आधार पर सरकार ने अनुमान लगाया है कि जुलाई 2017 से जून 2018 फसल वर्ष में भारत में रिकॉर्ड 27.3 करोड़ टन खाद्यान्न उत्पादन हो सकता है।

आगामी खरीफ सीज़न के लिए बुआई की रणनीति तैयार करने पर नई दिल्ली में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम में बोलते हुए कृषि विकास और किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने बताया कि सरकार लगातार दूसरे वर्ष बेहतर मॉनसून के चलते आशान्वित है कि देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन में नया रिकॉर्ड कायम होगा।

read more- skymetweather

Be the first to comment

Leave a Reply