GST: 22 राज्यों ने जांच चौकियां हटाईं, नहीं लगेगी ट्रकों की लंबी कतारें

नई दिल्ली: दिल्ली, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र सहित 22 राज्यों ने माल एवं सेवा कर (जी.एस.टी.) व्यवस्था लागू होने के तीन दिन के भीतर जांच चौकियां (चेकपोस्ट) हटा दी हैं। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि असम, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और कुछ पूर्वाेत्तर के राज्यों सहित आठ अन्य राज्य भी चेकपोस्ट हटाने की प्रक्रिया में हैं।

PunjabKesari

राज्य सीमा चौकियां सामान तथा गंतव्य के हिसाब से कर अनुपालन की जांच करती हैं। इससे वस्तुओं की आपूर्ति में तो विलंब होता ही है, साथ ही ट्रकों की कतारें लगने से पर्यावरण प्रदूषण भी बढ़ता है। जी.एस.टी. एक जुलाई से लागू हुआ है। इसका प्रमुख लक्ष्य देश को एकल बाजार बनाना है जहां वस्तुओं और सेवाओं की आवाजाही बिना किसी रकावट के हो सके।

जिन अन्य प्रमुख राज्यों ने जांच चौकियां समाप्त की हैं उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु शामिल हैं। जांच चौकियां समाप्त होने के बाद अब राज्यों की सीमाओं पर ट्रकों की लंबी कतारें देखने को नहीं मिलेंगी।

read more- PK