UP: पूर्व सांसद के बेटे से लाइव मुठभेड़ देखकर इलाहाबाद में मचा हड़कंप

मम्फोर्डगंज शिवाजी चौराहे पर मंगलवार शाम साढ़े चार बजे अचानक फायरिंग की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। चौकी इंचार्ज मम्फोर्डगंज राजौल नागर ने बाइक सवार बदमाशों का पीछा किया। वायरलेस पर कंट्रोल रूम को वारदात की सूचना दी गई। कर्नलगंज इंस्पेक्टर अवधेश प्रताप सिंह मजार चौराहे से शातिरों के पीछे लग गए।

वारदात को अंजाम देकर बाइक से पूर्व सांसद सुरेश पासी का बेटा शिवम और उसका साथी मेजर भाग निकले थे। दोनों ने पुलिस को पीछे आते हुए देखा तो चाल चली। रास्ते में पुलिस पर बम फोड़ दिया और फायरिंग करने लगे। इससे पुलिस सकते में आ गई। पीआरवी 78 उनके पीछे लगी थी। पुलिस की गाड़ी देखकर बाइक सवार बदमाशों ने बेली गांव में बाइक छोड़ दी और पुलिस को चकमा देने की कोशिश की।

दोनों पैदल अलग-अलग रास्तों से भागने लगे। इस दौरान मेजर कहां चला गया, पुलिस उसे नहीं देख पाई लेकिन शिवम के पीछे पुलिस लगी थी। बेली गांव में कर्नलगंज, कैंट, जार्जटाउन, सिविल लाइंस थाने की पुलिस भी पहुंच गई। उस वक्तत शाम को पांच बज चुके थे। चारों तरफ से पुलिस पैदल ही घेराबंदी करने लगी। इधर, गली-गली होते हुए शिवम अपने घर की ओर भागने की फिराक में था। उसका मकान म्योराबाद में था। पुलिस को पता था कि वह अपने घर में पहुंच गया तो उसको पकड़ना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में पुलिस ने उस रास्ते को ही घेर लिया। कुछ देर बाद शिवम एक गली से निकलता हुए एक घर में घुस गया।

शिवम ने जिस घर में शरण ली वह रिटायर फौजी अनवर हुसैन का मकान था। तीन मंजिला मकान में तीन परिवार के लोगों के अलावा चार किराएदार पर रहते हैं। फौजी ने भी हिम्मत दिखाई और अपना लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर बदमाश की तलाश में जुट गया। उसने पुलिस की पूरी मदद की। परिजन को एक कमरे में बंद कर दिया। छत पर भी सबको सतर्क कर दिया। शिवम फौजी के घर में घुसते ही बाथरूम में छिप गया था। अंधेरा होने के कारण पुलिस उसका पता नहीं लगा सकी थी। करीब आधे घंटे बाद जब वहां फायरिंग हुई तो पुलिसवाले सकते में आ गए। एक बम भी फोड़ने की कोशिश हुई थी लेकिन बम फटा नहीं था।

इसके बाद पुलिस ने बाथरूम के चारों तरफ घेराबंदी करके शिवम को पकड़ लिया। शिवम के पास से तमंचा भी मिल गया। कैंट पुलिस उसे गिरफ्तार कर ले गई। वारदात के बाद पहुंचे एसपी सिटी सिद्धार्थ मीणा ने फोरेंसिक टीम और खोजी कुत्ता की मदद से जांच कराई। खोजी कुत्ता को फौजी के घर के बाहर एक बम भी मिला जिसे शिवम ने फेंका था। इसके बाद फोरेंसिक टीम बाथरूम से लेकर कमरे तक तलाशी लेने में जुटी रही कि कहीं कोई दूसरा हथियार तो वहां नहीं छिपा दिया है।

 

read more- Hindustan