इलाहाबाद -12 लाख मतदाता करेंगे 1669 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

इलाहाबाद – नगर निगम और नौ पंचायतों में भाग्य आजमा रहे कुल 1669 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला 1201212 मतदाता रविवार को करेंगे। मेयर के लिए 24 तथा पार्षदी के लिए 880 प्रत्याशी मैदान में हैं, इनके लिए 1057768 मतदाता करेंगे। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए 91 तथा सदस्य के 674 प्रत्याशी हैं। पोलिंग पार्टियां शनिवार को ही रवाना हो गई .
मतदान के लिए प्रत्याशियों के साथ प्रशासन ने भी पूरी तैयारी की है। नगर निगम में कुल 216 मतदान स्थल और 838 बूथ हैं। इनमें 80 मतदान स्थल और 347 बूथ अतिसंवेदनशील हैं। 68 मतदान स्थल तथा 240 बूथ संवेदनशील बनाए गए हैं। नगर पंचायत में कुल 69 मतदान स्थल के 144 बूथ पर वोट पड़ेगा। इनमें से 28 मतदान स्थल तथा 72 बूथ अतिसंवेदनशील हैं। 17 मतदान स्थल तथा 32 बूथ अतिसंवेदनशील बनाए गए हैं। अतिसंवेदनशील तथा संवेदनशील मतदान स्थलों तथा बूथ पर विशेष चौकसी रहेगी। सुरक्षाकर्मियों के अलावा सीसीटीवी से भी नजर रखी जाएगी। साथ में वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। प्रेक्षक कुमार कमलेश, कमिश्नर डॉ.आशीष कुमार गोयल, डीएम सुहास एलवाई आदि अफसरों ने पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल केपी इंटर कालेज का निरीक्षण किया। इसके अलावा अफसरों के साथ बैठकें करके तैयारियों की समीक्षा की। डीएम का कहना है कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए पूरी तैयारी की गई है। अफसरों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है।

नगर निगम चुनाव में मेयर तथा पार्षदी के लिए केपी इंटर कालेज परिसर से शनिवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी हुई। इसकी वजह से वहां सुबह से शाम तक गहमागहमी रही। इसकी जिम्मेदारी स्वयं सीडीओ सैमुअल पॉल एन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी जीएल शुक्ला ने संभाल रखी थी। कुल 80 वार्ड में 216 मतदान स्थल तथा 838 बूथ हैं। मतदान में लगे कर्मचारियों ने कंट्रोल यूनिट और बैलेट यूनिट की मौके पर ही जांच की। इसके बाद वे संबंधित बूथ के लिए रवाना हुए। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए 250 बसों तथा अन्य वाहन के इंतजाम किए गए थे। इस पूरी प्रकिया में काफी समय लगा। ऐसे में पार्टियों की रवानगी का क्रम सुबह से शुरू होकर शाम तक चला। नगर पंचायतों में पोलिंग पॉर्टियों की रवानगी के लिए अलग-अलग केंद्र बनाए गए थे।

ईवीएम लेने पहुंचे पीठासीन अधिकारी हसीब अहमद की दिन में तकरीबन एक बजे अचानक तबीयत खराब हो गई। उनके सीने में दर्द उठा और वह गिर पड़े। उनके हाथ-पैर भी ठंडे पड़ने लगे थे। हसीब धनूपर के सराय आलम मसाढ़ी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक हैं और उनकी वार्ड-55 मेडिकल कालेज के अंतर्गत जगत तारन गोल्डेन जुबली स्कूल पर ड्यूटी थी। वहां पहले से तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज किया। कुछ ही देर में एंबुलेंस बुलाकर उन्हें बेली भेजा गया। जांच के बाद उन्हें एसआरएन भर्ती कराया गया। संक्रमण रोग विभाग के डॉ.एएन मिश्रा ने बताया कि पल्स रेट कम हो गया था। सीने में भी दर्द थी। इसलिए उन्हें भर्ती कराया।

मतदान में अच्छा काम करने वाले कर्मचारियचों को प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इसकी घोषणा शनिवार को डीएम ने की। प्रशासन की ओर से मतदान के लिए चुस्त व्यवस्था के दावे किए जा रहे हैं। संगम सभागार में कंट्रोल खोला गया है। वहां मतदाता अन्य लोग शिकायतें कर सकते हैं। अफसरों का दावा है कि शिकायत मिलने के पांच मिनट के भीतर सेक्टर मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंच जाएंगे। नगर निकाय चुनाव पर तीन सौ से अधिक अफसरों की नजर रहेगी। प्रेक्षक दो दिन पहले ही इलाहाबाद पहुंच गए। डीएम और उप जिला निर्वाचन अधिकारी के अलावा शुक्रवार को नौ सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की भी नियुक्ति की गई। इनके अलावा 39 चुनाव अधिकारी, 61 सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, 22 जोनल मजिस्ट्रेट, 81 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 73 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। 29 वीडियो ग्राफर भी होंगे। इनमें से 18 नगर निगम में तैनात होंगे।  नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रशासन की ओर से संगम सभागार में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो मतदान खत्म होने तक काम करेगा। मतदाता कंट्रोल रूम के नंबरों 0532-2440706, 0532-2440707, 0532-2440708 और 0532-2440709 पर शिकायत कर सकते हैं।

read more at-