दिल्ली में 31 मई तक जारी रहेगी प्री-मॉनसून वर्षा

दिल्ली में रविवार और सोमवार की सुबह अच्छी प्री-मॉनसून वर्षा दर्ज की गई। प्री-मॉनसून वर्षा के चलते ना सिर्फ छुट्टी का दिन रविवार खुशनुमा मौसम के साथ शुरू हुआ बल्कि आज सुबह के समय हुई अच्छी वर्षा ने नए सप्ताह का आगाज़ भी बेहतरीन कर दिया।

रविवार की सुबह 8:30 बजे से बीते 24 घंटों के दौरान सफदरजंग मौसम केंद्र ने 8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। इसी तरह पालम मौसम केंद्र पर भी 5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। दिल्ली और इसके आसपास के हिस्सों भी हल्की से मध्यम प्री-मॉनसून वर्षा हुई है।

बारिश के चलते राजधानी दिल्ली के तापमान में व्यापक रूप में कमी आई। सामान्य से ऊपर चल रहा अधिकतम तापमान रविवार को घटकर सामान्य से 4 डिग्री नीचे 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मध्य पाकिस्तान पर बने चक्रवाती सिस्टम और दिल्ली होते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुँच रही एक ट्रफ रेखा के चलते उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में आर्द्र हवाओं का प्रवाह बना हुआ है और इसी के चलते राजधानी दिल्ली में लोगों को अच्छी बारिश ने भिगोया।

दिल्ली के पास से गुजर रही ट्रफ सक्रिय अभी है जिसके प्रभाव से उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में नम हवाओं का प्रवाह जारी है। अगले 2-3 दिनों तक दिल्ली और आसपास के भागों में नम हवाएँ इसी तरह बनी रहेंगी जिससे प्री-मॉनसून वर्षा की गतिविधियां 31 मई तक देखने को मिल सकती हैं। गौरतलब है कि प्री-मॉनसून बारिश भोर में या दोपहर बाद होने के आसार हैं।

 

स्काइमेट के अनुमानों के अनुसार 31 मई से हवाओं का रुख बदलेगा और ट्रफ कमजोर हो जाएगी जिसके चलते दिल्ली और आसपास के भागों में प्री-मॉनसून गतिविधियां कम हो जाएंगी। बारिश बंद होने और मौसम साफ होने के साथ राष्ट्रीय राजधानी में फिर से पारा ऊपर का रुख करेगा जिससे गर्मी बढ़ जाएगी। हालांकि राहत की बात यह है कि तापमान में बढ़ोत्तरी इतनी अधिक नहीं होगी कि लू फिर से वापसी कर ले। 31 से उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं का प्रवाह बढ़ने की संभावना है।

read more- skymetweather

Be the first to comment

Leave a Reply