पुड्डुचेरी में कांग्रेस और डीएमके के गठबंधन की सरकार गिरी

पुड्डुचेरी में कांग्रेस और डीएमके के गठबंधन की सरकार गिर गई है। मुख्यमंत्री वी नारायणसामी सोमवार को सदन में बहुमत साबित नहीं कर पाए। इसके बाद मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने उप राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन से मुलाकात की और अपना इस्तीफा दिया। इससे पहले उपराज्यपाल तमिलसाईं सुंदरराजन ने विधानसभा में आज शाम पांच बजे तक बहुमत साबित करने का निर्देश दिया था। सत्तारूढ़ गठबंधन की संख्या रविवार को दो नए इस्तीफे के बाद घटकर 11 हो गई थी। वहीं 33 सदस्यीय विधानसभा में विपक्ष के पास 14 विधायकों का समर्थन था। आज सदन में चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों को पार्टी के प्रति वफादार होना चाहिए। वहीं उन्होंने पूर्व राज्यपाल और केंद्र सरकार पर विपक्ष के साथ साठगांठ करने का आरोप लगाया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने पुड्डुचेरी में कांग्रेस सरकार गिरने पर राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने अंग्रेजी में एक कहावत ट्वीट की जिसका अर्थ कुछ यूं निकलता है- जहां-जहां पैर पड़े वहां हुआ बंटाधार। उन्होंने लिखा, ‘राहुल गांधी पुड्डुचेरी गए और अपने मिडास टच को सच साबित किया। कांग्रेस ने केंद्र शासित प्रदेश में अपनी सरकार गंवा दी है।’अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई विधानसभा