भाजपा के तमाम सांसदों ने विकास के लिए जहां गांव गोद लिए गए हैं वहां विकास का दूर-दूर तक अता पता नहीं – राजेंद्र चौधरी

समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा है कि भाजपा की केंद्र और उत्तर प्रदेश दोनों जगह सरकारें हैं। प्रधानमंत्री जी के कथनानुसार अब प्रगति का डबल इंजन भी लग गया है। ऐसे में इन सरकारों ने क्या-क्या वादे किए थे और उन पर कितना अमल अभी तक हुआ यह जानना तब और भी आवश्यक है जब मुख्यमंत्री जी ने श्री अखिलेश यादव की सरकार के पांच वर्ष में किए गए विकास कार्यों का ब्यौरा तलब किया है।
उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर जो रिपोर्ट कार्ड सामने आया वह जनता के गले नहीं उतरा। इस रिपोर्ट कार्ड में भाजपा की एक भी मौलिक विकास योजना या जनहित के किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी तक नहीं मिली। भाजपा की केंद्र सरकार तीन साल में अपना एक भी वादा पूरा नहीं कर सकी। दोनों सरकारों की विफलताओं के रिपोर्टकार्ड से जनता अवश्य परिचित है। लोकशाही में सरकारें पांच वर्ष तक जनता को अंधेरी सुरंग के रास्ते से चलते रहने को बाध्य नहीं कर सकती है।

भाजपा अपने संकल्प पत्र के एक पन्ने का एक काम भी शुरू नही कर सकी। यही नहीं, भाजपा शासित राज्यों में भी अखिलेश यादव के बराबर विकास कार्य नहीं हो सके। उचित होता अगर भाजपा की राज्य सरकार  अखिलेश यादव के समय हुए विकास कार्य उतनी ही लागत और समय में खुद करने का साहस दिखाती। भाजपा राज में किसान, व्यापारी, महिलायें, अल्पसंख्यक, छात्र नौजवान सब दहशत में हैं। लोकशाही में विपक्ष के साथ लगातार दुव्र्यवहार और विपक्ष के प्रति दुष्प्रचार भाजपा की नई संस्कृति है।

अखिलेश यादव के समय चरणबद्ध तरीके से तमाम विकास कार्य एक निश्चित समयावधि में पूरे किए गए थे। उन सभी का क्रमवार ब्यौरा सूचना विभाग व अन्य सम्बंधित विभागों में उपलब्ध है। श्री अखिलेश यादव ने पूरी पारदर्शिता के साथ जनहित में योजनायें लागू की है। उत्तर प्रदेश में 100 नं0 पुलिस डायल सेवा को अमेरिका से एवार्ड मिला है। 1090 वूमेन पावर लाइन और लायन सफारी की प्रशंसा चारों तरफ हो रही है। समाजवादी पेंशन द्वारा 55 लाख गरीब महिलाओं को मदद मिली। 18 लाख लैपटाप छात्र छात्राओं को बांटे गए। 10 लाख युवाओं को रोजगार मिला। बिजली, पेयजल, आवास, कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में रिकार्ड कार्य हुए।

अखिलेश यादव ने अपने बजट का 75 प्रतिशत हिस्सा कृषि विकास और किसानों की दशा सुधारने के लिए खर्च किया। किसानों को मुफ्त सिंचाई, 50 हजार तक की कर्जमाफी और फसल बीमा की सुविधा मिली। बुंदेलखण्ड में राहत सामग्री बंटी और तालाबों का पुनरूद्धार किया गया।
अखिलेश यादव के विकास कार्यों की तो एक बहुत लंबी लिस्ट है। अब वक्त का तकाजा है कि उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल के जो सदस्य, अभी सांसद भी बने हुए हैं, वे भी अपनी प्रगति का ब्यौरा दें, भाजपा के तमाम सांसदों ने विकास के लिए जहां गांव गोद लिए गए हैं वहां विकास का दूर-दूर तक अता पता नहीं है। अखिलेश जी के कामो की गिनती के साथ केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार को अपने कार्यों का ब्यौरा जारी करना चाहिए।