LIVE उप-राष्ट्रपति चुनाव 2017: 98.21 प्रतिशत मतदान के साथ वोटिंग खत्म, वेंकैया नायडू और गोपालकृष्‍ण गांधी में टक्कर

भारत के उपराष्ट्रपति पद के लिए शनिवार 5 अगस्त को वोटिंग हो रही है। वोटिंग सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक होगी। सत्तारूढ़ राजग के उम्मीदवार एम वेंकैया नायडू और विपक्ष के उम्मीदवार गोपालकृष्‍ण गांधी के बीच टक्कर होगी। आज शाम को ही वोटिंग के नतीजे भी जारी कर दिए जाएंगे और भारत के अगले उपराष्ट्रपति का नाम भी साफ हो जाएगा। लोकसभा में बहुमत वाले राजग की ओर से उम्मीदवार बनाए गये पूर्व केन्द्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू का देश का अगला उपराष्ट्रपति चुने जाने का रास्ता लगभग साफ है। विपक्ष ने गोपाल कृष्ण गांधी को अपना संयुक्त उम्मीदवार बनाया है।

मौजूदा उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। वह लगातार दो बार इस पद पर रह चुके हैं। राज्यसभा के पदेन सभापति एवं देश के उपराष्ट्रपति के चुनाव में मतदान का अधिकार संसद के दोनों सदनों के निर्वाचित तथा नामित सदस्यों को होता है।दोनों सदनों में सदस्यों की कुल संख्या 790 है, लेकिन वर्तमान में लोकसभा में दो और राज्यसभा में एक सीट रिक्त है। वहीं, लोकसभा सदस्य छेदी पासवान न्यायिक फैसले के कारण मतदान के लिए अयोग्य करार दिये गये हैं। लोकसभा के कुल 545 सदस्यों में भाजपा के 281 सांसद हैं, जबकि भाजपा नीत राजग के कुल 338 सदस्य हैं। वहीं, 243 सदस्यीय राज्यसभा में भाजपा के कुल 56 सदस्य हैं जबकि सदन की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में कांग्रेस के पास 59 सदस्य हैं।

यहां पढ़िए लाइव अपडेट:

2.40 PM: भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा, “हर कोई उन्हें बेदह प्यार करता है। उनमें काफी क्षमता है और वह पूरे सदन और पूरी राजनीति को जानते हैं।”

01.15 PM: वोट डालने पहुंचे राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तस्वीरें:

12.40 PM: गोपालकृष्ण गांधी ने चुनाव एक तरफा होने की रिपोर्ट को खारिज किया है।

12.20 PM: देखिए वोटिंग करते पीएम मोदी की तस्वीर

12.10 PM: मनोहर पर्रिकर ने कहा कि उन्हें वेंकैया नायडू की याद आएगी। हालांकि राज्यसभा में चेयरमैन पद पर देखना रोचक होगा।

11.30 AM: कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपना वोट डाला।

11.08 AM: वोट देने के लिए सांसदों को स्पेशल पेन दिया जा रहा है। एनडीए सांसदों को हिदायत दी गई है कि वो घर से पेन ना लेकर आएं।

10.40 AM:  कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह, राज्य मंत्री श्रीमती किरन रिजिजू, रेल मंत्री सुरेश प्रभु, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने वोट डाले हैं।

10.30 AM: केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने अपना वोट डाला। अभी तक राज्यसभा से इस्तीफा ना देने वाले गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने भी वोट डाला। वोटिंग 5 बजे तक होगी और वोटों की गिनती के बाद नतीजे 6.30 – 7 बजे तक आ सकते हैं।

10.05 AM: राष्ट्रपति चुनाव के दौरान रामनाथ कोविंद की उम्मीदवारी का समर्थन करने वाले बीजद और जदयू ने उपराष्ट्रपति चुनाव में गांधी का समर्थन करने का फैसला किया है। हालांकि, जदयू ने बिहार में महागठबंधन का दामन छोड़ दिया है और भाजपा के साथ मिलकर नयी सरकार बनायी है, लेकिन पार्टी ने उपराष्ट्रपति चुनाव में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रह चुके गांधी के पक्ष में मतदान करने का अपना फैसला नहीं बदला है।

10.00 AM: 10 बजे से पहले ही सांसद लाइन लगाकर खड़े हो गए थे और 10 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है।

9.47 AM: वेंकैया नायडू ने कहा कि वह चुनाव प्रचार इसलिए नहीं कर रहे थे क्योंकि सदन के सभी लोग उनसे परिचित हैं।

9.44 AM:  सुबह 10 बजे वेंकैया पीएम मोदी के साथ वोट डालेंगे

9.30 AM: लोकसभा के कुल 545 सदस्यों में भाजपा के 281 सांसद हैं, जबकि भाजपा नीत राजग के कुल 338 सदस्य हैं। वहीं, 243 सदस्यीय राज्यसभा में भाजपा के कुल 56 सदस्य हैं जबकि सदन की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में कांग्रेस के पास 59 सदस्य हैं।

 

 

Read More- jansatta