नगर निगम पहुँचे जिलाधिकारी आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर दिखे सख्त, सीज करवाईं कई गाड़ियाँ

  •  भाजपा का झंडा लगी बाइक देख जिलाधिकारी ने रुकवाया काफिला
  •  कानपुर पुलिस को निर्देशित कर कहा आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर करो सीज
  •  डी0एम0 के आदेश होते ही सकते में आई खाकी, नगर निगम के बाहर ही धड़ाधड़ किये कई चालान
  •  निकाय चुनाव में आदर्श आचार संहिता को लेकर सख्त है जिला प्रशासन, कल ही कई प्रत्याशियों के अवैध चुनाव कार्यालयों का किया गया था सूपड़ा साफ

कानपुर महानगर| (सर्वोत्तम तिवारी) कानपुर में नगर निगम निकाय चुनाव को लेकर घमासान मचा हुआ है| जिसके तहत नगर निगम  मुख्यालय मोतीझील पिछले कई दिनों से गुलजार दिख रहा है| फिर चाहें वो चुनावी मैदान में आये प्रत्याशियों की आवाजाही हो या उनके समर्थकों का हुजूम|


नामांकन प्रक्रिया के दौरान इसी हुजूम को रोकने के लिये नगर निगम प्रशासन को विगत दिनों नगर निगम कार्यालय के चारों तरफ रास्तों में बेरिकेटिंग तक लगानी पड़ी थी| और प्रत्याशी के साथ सिर्फ एक प्रस्तावक की एंट्री नगर निगम परिसर में दी जा रही थी|
महापौर प्रत्याशियों के अलावा 110 वार्डों के लिये लगभग एक हजार से ज्यादा लड़ाके इस बार चुनाव मैदान में हैं| इसी लिये इस बार के चुनाव में भारी भरकम भीड़ नगर निगम मुख्यालय में देखने को मिल रही है| आज का दिन उन प्रत्याशियों के लिये खास था जिन्होंने निर्दलीय चुनाव मैदान में ताल ठोंकी है| क्योंकि आज निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किये जा रहे थे|

चुनाव चिन्ह जानने आये प्रत्याशियों के बीच उस समय हड़कम्प मच गया जब नगर निगम मुख्यालय पहुँचे जिलाधकारी कानपुर महानगर ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर झंडा, बैनर, स्टीकर लगी गाड़ियों को सीज और चालान करने का आदेश कानपुर पुलिस को कर दिया|
डी0एम0 ने नगर निगम मुख्यालय  गेट पर भाजपा का झंडा लगी बाइक देखी तो अचानक काफिला रुकवा कर सख्त लहजे में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन में गाड़ी को सीज करने का आदेश कर दिया| साथ ही कानपुर पुलिस को निर्देशित भी किया कि जितनी भी गाड़ियां ऐसी हैं जिससे आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा हो तुरन्त कार्यवाही की जाये|

आदेश मिलते ही सकते में आई कानपुर पुलिस ने नगर निगम के बाहर झंडा, स्टीकर लगी कई गाड़ियों का चालान किया| जिससे कई प्रत्याशी और समर्थक परेशान दिखे|  इस दौरान कई प्रत्याशियों को पुलिस से बहस और नोंक-झोंक भी करनी पड़ी| पुलिस द्वारा नगर निगम के बाहर की जाने वाली चालान की कार्यवाही में वार्ड 43 नवाब गंज की कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी मदीना बेगम की स्टीकर लगी (बाइक) गाड़ी का चालान करने के दौरान प्रत्याशी और मौजूद पुलिस कर्मी में काफी बहस भी हुई| इसके बाद भी पुलिस सख्त रुख में दिखी| थाना स्वरूप नगर पुलिस ने नगर निगम के पास भीषड़ चेकिंग कर खूब चालान किये|