“पूर्वाग्रह से ग्रसित” है योगी आदित्य नाथ सरकार- अखिलेश यादव

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष तथा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दो दिन पूर्व प्रदेश की पूरी योगी आदित्यनाथ सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में कारगिल युद्ध में शहीद रामसमुझ यादव की कांस्य की प्रतिमा का अनावरण किया था। इसजी अवसर पर उन्होंने योगी आदित्य नाथ सरकार पर यह गम्भीर आरोप लगाया कि वह पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर कार्य कर रही है।

अखिलेश ने यह भी कहा कि योगी सरकार में बदले की भावना से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि लखनऊ से बलिया तक जाने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को सरकार ने रोक कर अच्छा नहीं किया। अगर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बन जाता तो तमाम बेरोजगारों को रोजगार और पूर्वांचल के लोगों का विकास होता।

अखिलेश यादव ने बताया कि बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, से बलिया तक जाने वाला इस मार्ग से पूर्वांचल की गरीबी व पिछड़ापन दूर होता। समाजवादी पार्टी ने जहां-जहां विकास किया वहां-वहां सरकार टांग लड़ा रही है। अभी तक कोई भी नया काम नहीं कर पाई है। इसका जवाब वर्ष 2019 के चुनाव में जनता भाजपा को देगी। अखिलेश ने कहा कि यह सरकार केवल नौटंकी व झूठ की पुलिंदा हैं। झूठ बोलकर सत्ता में पहुंच गई और हम सच बोलकर हार गए। सरकार झूठ का पिटारा है और जनता को भ्रमित कर रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सेना हमारी  स्वतंत्रता के लिए सीमाओं की रक्षा कर रही है, फिर भी शहीद परिवार को उपेक्षित किया जा रहा है। यह कतई देश व समाज के हित में नहीं हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज प्रदेश व केंद्र में भाजपा सरकार है। सरकार अच्छे दिनों का वादा करती है, आखिर अच्छा दिन कहां गया।

गोरखपुर में मेडिकल कालेज में मासूमों की जान चली गई सरकार ने कोई सहायता नहीं दी। इन्हीं बच्चों में से कोई देश की सीमा, इंजीनियर व आइएएस बनकर देश की सेवा करता। उन्होंने कहा कि कहा कि किसानों के हित की बात करने वाली सरकार अब किसानों पर कहर ढा रही है।किसान, नौजवान सुरक्षित नहीं रहेगा तो हम विकास कर ही नहीं सकते हैं। नोटबंदी के सवाल पर कहा कि सरकार ने सब नोट रख दिया और रंग बिरंगी नोट जारी कर दिया। कहीं भी नोटबंदी से काला कारोबार बंद नहीं होता है बल्कि लेन-देन से काला कारोबार होता है।

अखिलेश यादव ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस रंग के कुर्ते पहनते हैं उसी रंग की नोट बनवा रहे हैं। इससे देश का फायदा नहीं होगा और न ही भ्रष्टाचार रूकेगा।

 

Read More-