फिलहाल 27 चेहरों को ही मंत्रिमंडल में शामिल करेंगे नीतीश कुमार

दो दिन पुरानी नीतीश सरकार का आज (29 जुलाई को) विस्तार होने जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि शनिवार शाम पांच बजे सिर्फ 27 चेहरों को ही नीतीश कुमार अपने मंत्रिमंडल में शामिल करेंगे। इससे पहले खबरें आई थीं कि 33 लोगों को मंत्री बनाया जाएगा। आज के मंत्रिमंडल विस्तार में एनडीए के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) और एक विधायक वाली पार्टी हिंदुतानी अवाम मोर्चा (हम) का कोई भी विधायक मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होगा। जबकि लोजपा की तरफ से रामविलास पासवान के भाई पशुपति नाथ पारस मंत्री बनाए जाएंगे। सभी मंत्रियों को राजभवन में राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री आवास में बैठकों का दौर जारी है।

सूत्रों के अनुसार, शनिवार को 27 मंत्री नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। इनमें सरकार में शामिल जनता दल (युनाइटेड) के अलावा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के नेता शामिल होंगे। फिलहाल जदयू कोटे से 14 जबकि बीजेपी से 12 और लोजपा से एक कुल 27 मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। चर्चा इस बात की भी है कि मंत्रिमंडल में अधिकांश चेहरे युवा होंगे। जदयू कोटे से दो नए मंत्री बनाए जाने की भी चर्चा है। इनमें दिनेश चंद्र यादव और रामजी ऋषिदेव का नाम शामिल है। वैसे चर्चा है कि एनडीए-1 सरकार की तर्ज पर नीतीश कुमार का मंत्रिमंडल कुल 35 सदस्यों का होगा। यानी बाद में भी विस्तार की गुंजाइश रखी गई है।

 

read more- jansatta