यूपी: BJP संगठन में फेरबदल, पंकज सिंह का कद बढ़ाने की तैयारी

यूपी में भाजपा के नए अध्यक्ष की कार्यकारिणी में अमूलचूल परिवर्तन के आसार कम ही हैं। पार्टी के जो पदाधिकारी सरकार में कोई ओहदा पा गए हैं उनके स्थान पर किसी नए की तैनाती जरूर की जाएगी। अलबत्ता बेहतर प्रर्दशन के बल पर कुछ पदाधिकारियों के प्रोन्नति की भी संभावना है। संभव है इस पर 24 व 25 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाली पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मंथन हो। केन्द्रीय टीम में राष्ट्रीय मंत्री के रूप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे डा. महेन्द्र सिंह के मंत्री बनने के बाद अब उनके स्थान पर प्रदेश से नए पदाधिकारी की तैनाती हो सकती है। कहा तो यहां तक जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिह ही डा. महेन्द्र सिंह की जगह केंद्रीय टीम में शामिल किए जा सकते हैं।

प्रदेश इकाई की कार्यकारिणी में फेरबदल या नए लोगों को शामिल करने अथवा पदोन्नति देने का पूरा दारोमदार प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल के हाथों में है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि फेरबदल जो होना है उसमें योगी मंत्रिमंडल में शामिल स्वाति सिंह की जगह पर नई महिला प्रदेश अध्यक्ष का बनाया जाना तय है।

संभावना यह भी है कि किसी ओबीसी को ही महिला का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाए। इस बात के भी आसार हैं कि किसी सांसद या विधायक को ही महिला विंग का अध्यक्ष बनाया जाएगा।

संगठन में इन सबकी भूमिका हो सकती है अब खत्म
अध्यक्ष (महिला) स्वाति सिंह, पार्टी उपाध्यक्ष- आशुतोष टंडन उर्फ गोपालजी टंडन, सुरेश राणा, शिव प्रताप शुक्ला, महामंत्री स्वतंत्रदेव सिह तथा अनुपमा जायसवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष (अवध) मुकुट बिहारी वर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष (पश्चिम) भूपेन्द्र चौधरी।

इनकी पदोन्नति की भी है संभावना
संगठन में बेहतरीन काम करने वाले कुछ पदाधिकारियों  की पदोन्नति के भी आसार हैं। इसमें प्रदेश मंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला व पार्टी की वरिष्ठ नेता प्रेमलता कटियार की विधायक पुत्री नीलिमा कटियार के अलावा पार्टी के आईटी सेल के संयोजक संजय राय के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा गोरखपुर क्षेत्र से प्रदेश मंत्री कामेश्वर सिंह को भी पदोन्नति देकर उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है।

 

Read More-