यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

The President of the European Commission, Ms. Ursula Von Der Leyen calling on the President, Shri Ram Nath Kovind, in New Delhi on April 25, 2022.

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल 2022,यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष महामहिम उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने आज (25 अप्रैल, 2022) राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की।

भारत में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ दो सबसे जीवंत लोकतंत्र हैं, दो सबसे बड़ी मुक्त बाजार की अर्थव्यवस्थाएं व बहुलतावादी समाज हैं। उन्होंने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ सुधार एवं प्रभावी बहुपक्षवाद पर आधारित एक अंतरराष्ट्रीय नियम के अनुरूप चलने वाली व्यवस्था को बढ़ावा देने के प्रति साझी वचनबद्धता समेत विभिन्न क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर एक साझा दृष्टिकोण रखते हैं। भारत और यूरोपीय संघ के बीच की रणनीतिक साझेदारी आने वाले दशक की सबसे महत्वपूर्ण संबंधों में से एक है तथा इस संबंध को मजबूत करना यूरोपीय संघ की तरह ही भारत की भी प्राथमिकता है। जलवायु संबंधी कार्रवाई, स्वच्छ ऊर्जा, सतत विकास, डिजिटल रूपांतरण और अनुसंधान व नवाचार जैसे क्षेत्रों में भारत की उच्च महत्वाकांक्षा को पूरा करने में यूरोपीय संघ एक महत्वपूर्ण साझीदार रहेगा।

भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापारिक एवं निवेश संबंधों के बारे में बोलते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि यूरोपीय संघ विभिन्न वस्तुओं के मामले में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझीदार है और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के सबसे महत्वपूर्ण स्रोतों में से एक है। उन्होंने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता भारत और यूरोपीय संघ के बीच के आर्थिक संबंधों की पूरी क्षमता को सामने लाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुक्त बाजार की अर्थव्यवस्था और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में, भारत और यूरोपीय संघ जैसे समान विचारधारा वाले देशों के लिए अपने आर्थिक जुड़ाव को और अधिक गहरा करना आवश्यक है।

राष्ट्रपति ने कहा कि अपने पारस्परिक आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के अलावा, भारत और यूरोपीय संघ के लिए हिंद-प्रशांत जैसे क्षेत्र से संबंधित रणनीतिक एवं भू-राजनीतिक पहल में शामिल होना महत्वपूर्ण है। हम यूरोपीय संघ और उसके सदस्य देशों के हिंद-प्रशांत महासागर से संबंधित पहल में शामिल होने की आशा करते हैं। भारत का मानना ​​है कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपेक्षाकृत अधिक “रणनीतिक यूरोपीय संघ” इस क्षेत्र की स्थिरता में योगदान देगा।

प्रधानमंत्री  नरेन्‍द्र मोदी ने आज नई दिल्‍ली में यूरोपीय आयोग की अध्‍यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयन के साथ बातचीत की।

प्रधानमंत्री ने बातचीत के बारे में ट्वीट किया;

“आज @EU_Commission की अध्यक्ष @vonderleyen के साथ बातचीत करके खुशी हुई। हमने आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों सहित भारत-ईयू संबंधों के पूरे कार्य-क्षेत्र की समीक्षा की।”

@फोर्थ इंडिया न्यूज़ टीम

Be the first to comment

Leave a Reply