स्वतंत्रता आंदोलन से मिले लोकतंत्र को कमजोर कर रही है भाजपा:अखिलेश यादव

अखिलेश ने शनिवार को सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में कृषि की दुर्दशा है। भाजपा सरकार ने किसानों के साथ छल किया है। सपा किसानों के साथ है। उसकी खेत खलिहान बचाने की लड़ाई में सपा भी संघर्षरत है। राष्ट्रपति के अभिभाषण में केंद्र सरकार की पांच ट्रिलियन डालर इकोनॉमी का उल्लेख क्यों नहीं है? यूपी सरकार ने एक ट्रिलियन अर्थव्यवस्था की घोषणा की थी उसका क्या हुआ?

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे एकजुटता के साथ इस बार सन् 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के पक्ष में 90 प्रतिशत मतदान कराने का संकल्प लें। इसके लिए अभी से बूथ स्तर तक पूरी तैयारी करें। भाजपा की साजिशों के प्रति सावधान रहें और जनता के बीच जाकर समाजवादी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करें। अखिलेश के निर्देश पर सरोजिनी नायडू जयंती एवं राष्ट्रीय महिला दिवस पर शनिवार को प्रदेश के सभी जिलों के सपा कार्यालयों में महिलाओं की सुरक्षा, मान सम्मान, बेरोजगारी, शैक्षिक क्षेत्र की समस्याओं के साथ अन्य मुद्दों पर ‘समाजवादी महिला घेरा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।