21 अक्टूबर को यूपी पुलिस मनाएगी स्मृति दिवस, शहीद पुलिसकर्मियों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

सीमा पर देश के जांबाज जवान बाहरी दुश्मनों से देश के नागरिकों की रक्षा करते हैं, तो देश के अंदर रहने वाले देश के दुश्मनों से पुलिस हरदम निपटने के लिए तैयार रहती है। आए दिन पुलिस के साथ अपराधियों और बदमाशों की मुठभेड़ होती रहती है जिसमें हमारे पुलिसकर्मी अपनी जान पर खेल कर दुश्मनों से टक्कर लेते रहते हैं। ऐसे में कभी-कभी पुलिस वालों को अपराधियों की गोली का शिकार भी होना पड़ता है।

21 अक्टूबर को मनाया जाएगा स्मृति दिवस

आपको बता दें कि लोगों की रक्षा करते हुए और अपना कर्तव्य निभाते हुए पिछले एक साल में उत्तर प्रदेश पुलिस के 76 पुलिसकर्मी शहीद हो गए। शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए यूपी पुलिस 21 अक्टूबर को स्मृति दिवस मनाने जा रही है। इस मौके पर सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ पिछले एक साल में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देंगे। स्मृति दिवस के मौके पर पुलिस मुखिया सुलखान सिंह भी मौजूद रहेंगे और शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्प अर्पित करेंगे।कार्यक्रम में शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित भी किया जाएगा।

पुलिसकर्मियों के कल्याण के सीएम कर सकते हैं कई घोषणाएं

इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रदेश के पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए कुछ घोषणाएं भी कर सकते हैं। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पहली सितंबर 2016 से 31 अगस्त 2017 के दरम्यान पूरे एक वर्ष में कर्तव्य की वेदी पर यूपी पुलिस के कुल 76 पुलिसजनों ने प्राणों का बलिदान किया। इनमें दो पुलिस उपाधीक्षक, 15 उप निरीक्षक, 03 मुख्य आरक्षी, एक मुख्य आरक्षी टीपी, एक मुख्य आरक्षी पीएसी, 11 मुख्य आरक्षी, 41 आरक्षी और एक आरक्षी चालक शामिल हैं।

इनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगी जनता

इनमें चित्रकूट जिले के उप निरीक्षक स्व. जग प्रकाश सिंह, फिरोजाबाद के आरक्षी स्व.रवि कुमार रावत, आगरा के आरक्षी स्व.सतीश चन्द्र, 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद के मुख्य आरक्षी राकेश शर्मा, प्रतापगढ़ के आरक्षी राज कुमार सिंह का बलिदान उल्लेखनीय है। पुलिस लाइन में बुधवार को स्मृति दिवस कार्यक्रम का फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। एसएसपी दीपक कुमार ने परेड का नेतृत्व किया। डीजीपी सुलखान सिंह ने इस पूरे परेड का मुआयना किया।

 

read more at-