CSI की बड़ी पहल, दिल के मरीजों के लिए लॉन्च किया मोबाइल एप

नई दिल्ली (11 सितंबर): दिल के मरीजों के लिए अच्छी खबर है। कार्डियोलॉजी सोसायटी ऑफ इंडिया यानी CSI ने हृदय रोगियों के लिए एक खास मोबाइल एप लॉन्च किया है। इस मोबाइल एप का नाम ‘हार्ट अटैक’ रखा गया है। यह एप जरूरतमंद मरीजों को न केवल पास के अस्पताल की जानकारी देगा बल्कि उसे जल्द चिकित्सा उपलब्ध कराने में भी मददगार साबित होगा। इतना ही नहीं इस एप से दिल्ली के 200 ऐसे अस्पताल को जोड़े जा रहे हैं जहां दिल की बीमारियों का इलाज होता है। इनमें सरकारी और निजी दोनों ही अस्पताल शामिल हैं।

कई बार ऐसा देखा गया है कि हार्ट अटैक जैसी स्थिति में मरीज के परिजनों को समझ में नहीं आता की वो उन्हें कहा लेकर जाए और उनके हाथ-पांव फूलने लगते हैं। हार्ट अटैक होने पर मरीज यदि आधे घंटे में अस्पताल पहुंच जाए तो उसके ठीक होने की संभावना सौ फीसद तक होती है। यदि मरीज का इलाज एक घंटे में होता है तो हृदय 70 से 80 फीसद तक ठीक हो पाता है। जबकि इलाज में देरी होने से हृदय की मांसपेशियां खराब होती जाती हैं।

ऐसे में इस एप के जरिए मरीजों और उनके परिजनों को भटकना नहीं पड़ेगा। एप स्वयं उन्हें सही डॉक्टरों व अस्पतालों तक पहुंचने का रास्ता दिखाएगा। इस एप की मदद से मरीज बिना परेशान हुए अस्पताल तक पहुंच सकेंगे। ऐसे में यह एप हार्ट अटैक के मरीजों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मरीजों को जरूरत से जुड़ी सारी जानकारी आसानी से मिल जाएगी। इस एप को गूगल मैप से भी जोड़ा जा रहा है, लिहाजा इसका लाभ और भी ज्यादा लोग ले सकेंगे।

 

Read More at-